Saturday, May 9, 2020

कोरोना योद्धा मीडियाकर्मियों पर ग्रीन एंड क्लीन ने की पुष्पवर्षा 

मोतिहारी/जनादेश।वैश्विक महामारी कोरोना से लड़ाई में मीडियाकर्मी बहुत बड़ी भूमिका निभा रहे हैं। वे सरकार और जनता के बीच सेतु का काम कर रहे हैं। जान की परवाह किए बिना अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन कर रहे हैं। ऐसे ही कोरोना योद्धाओं को सामाजिक संस्था ग्रीन एंड क्लीन ने सम्मानित किया। उन्हें फूलों की माला पहनाई, अंगवस्त्र दिए और पुष्पवर्षा कर प्रणाम किया। वहीं, चांदमारी मोहल्ले में बड़े पैमाने पर सेनेटाइजेशन का अभियान चलाया गया। 

शनिवार को शहर के डाकबंग्ला में ग्रीन एंड क्लीन ने सभी मीडियाकर्मियों को दोपहर 1 बजे आमंत्रित किया। संस्था के संस्थापक अध्यक्ष व नगर पार्षद अमरेंद्र सिंह के नेतृत्व में 30 सदस्यों ने एक सौ से अधिक पत्रकारों और फोटो पत्रकारों को पहले फूलों की माला पहनाई, फिर अंगवस्त्र दिए और उनके सम्मान में फूलों की वर्षा की। इस दौरान बड़ी संख्या में आम लोग उपस्थित थे। सभी ने पत्रकारों के सम्मान में खूब तालियां बजाईं। ‘कोरोना हारेगा, देश जीतेगा’, ‘मीडियाकर्मी जिंदाबाद’ के खूब नारे लगे। 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संस्था के अध्यक्ष अमरेंद्र सिंह ने कहा कि मीडियाकर्मी इस समय बड़ी भूमिका निभा रहे हैं। वे अपनी और अपने परिवार की परवाह किए बिना समाज के लिए काम कर रहे हैं। सभी सूचनाओं को जनता तक पहुंचा रहे हैं। आम लोगों की तकलीफों को सरकार और प्रशासन तक पहुंचा कर उसका निदान करा रहे हैं। इस संकट काल में पत्रकार ईश्वर का रूप हैं। इसलिए ग्रीन एंड क्लीन ने इन कोरोना योद्धाओं को सम्मानित करने का फैसला किया। भाजपा के वरिष्ठ नेता व ढाका के पूर्व विधायक पवन जायसवाल ने सभी का आभार जताया। 

उधर मुफस्सिल थाना में इंस्पेक्टर आनंद कुमार  सहित सभी पुलिसकर्मियों और छतौनी स्थित क्वारंटाइन सेंटर में ड्यूटी पर मौजूद सभी डाॅक्टरों और कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। उन्हें माला पहनाई गई, अंगवस्त्र दिए गए और पुष्प वर्षा की गई। 

दूसरी ओर शहर के प्रमुख मोहल्ले चांदमारी में सुबह 7 बजे से सेनेटाइजेशन का अभियान चलाया गया। पांच मशीनों के द्वारा प्रत्येक घर में सेनेटाइजर का छिड़काव किया गया। साथ ही हैंड सेनेटाइज कराया गया और सभी को मास्क बांटे गए। कोरोना से बचाव के प्रति लोगों को जागरूक भी किया गया। 

कार्यक्रम में मीडियाकर्मियों में मुख्य रूप से अशोक कुमार वर्मा, शशिभूषण कुमार, गौरी शंकर, नकुल कुमार, राजेश कुमार सिन्हा, राकेश कुमार, राजेश अस्थाना, कुमार तेजस्वी, रवि गुप्ता, रिंकू गिरी, विनित कुमार, रंजीत कुमार, रितेश कुमार, विकास वत्स, सोहराब आलम, सुदिष्ट नारायण ठाकुर, रत्नेश कुमार, अमरेश कुमार, अरूण सिंह, विनय पांडेय, आनंद प्रकाश, अजित वर्मा, कैलाश गुप्ता, आलोक कुमार, दानिश परवेज, ब्रजेश झा, मुकेश सिन्हा, राजेश्वर प्रसाद गुप्ता आदि मौजूद थे। 

वहीं संस्था के सदस्यों में रिटायर शिक्षक अमित सेन, संजय कुमार उर्फ टुन्ना, गुड्डू सहारा, सुधीर कुमार गुप्ता, अजय कुमार गुप्ता, ओम वर्मा, अरविंद कुमार, भरत गुप्ता, आलोक रंजन, विनोद जायसवाल, अजय वर्मा, नारायण राम, विनय स्वर्णकार, अर्जुन कुमार, विनय उपाध्याय, रितेश वर्मा, हरि सिंह, सन्टू पाठक, अभिषेक श्रीवास्तव, विनय गांधी, विवेक श्रीवास्तव, चंचल कुमार, मुरली आदि ने मुख्य भूमिका निभाई।

 

No comments:

Post a Comment