Sunday, November 29, 2020

हिन्दू युवा वाहिनी के प्रदेश उपाध्यक्ष ने किया यज्ञशाला का लोकार्पण




सुनील कुमार गुप्ता

 

कैसरगंज। बहराइच जनपद के कैसरगंज तहसील के अन्तर्गत फखरपुर में हिन्दु युवा वाहिनी के कार्यकर्ता के द्वारा फखरपुर वि0ख0 में स्थित चौधरी सियाराम इंटर कॉलेज के बगल में पुराने शिव मंदिर का  जीर्णोद्धार कराया गया है। तथा एक विश्रामालय एवं यज्ञशाला का भी निर्माण कराया गया है। जिसके लोकार्पण के कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रुप में राजदेव सिंह प्रदेश उपाध्यक्ष हिंदू युवा वाहिनी के होगें तथा विशिष्ट अतिथि क्षेत्राधिकारी कैसरगंज एवं थाना अध्यक्ष फखरपुर विद्युत अभियंता विजय तिवारी तथा जिला महामंत्री इंद्र बहादुर सिंह उपस्थित रहे इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष अभय राज सिंह जिला मंत्री रणधीर सिंह ब्लॉक प्रभारी सुभाष दीक्षित सहित फखरपुर की पूरी टीम उपस्थित रही।


 

 




  देश का प्रधानमंत्री अन्नदाता ही होना चाहिए 

महात्मा गांधी ने हम किसानों को भारत की आत्मा कहे थे, लेकिन आज हम देख रहे हैं कि अन्नदाताओ की समस्याओं पर केवल और केवल राजनीति करने वाले अधिकतर लोग हैं ,और हमारे समस्याओं की तरफ ध्यान देने वाले बहुत ही कम लोग  है। साथियों  स्वतंत्र भारत के पूर्व और स्वतंत्र भारत के पश्चात आज एक लंबा समय बीतने के बाद भी हम भारतीय किसानों की दशा में कोई सुधार नहीं हुआ है, यह बात आज किसी से छुपी हुई नहीं है ।जिन अच्छे किसानों की बात कही जा रही है, उनकी गिनती उंगलियों पर की जा सकती है, बढ़ती आबादी ,औद्योगिकरण एवं नगरीकरण के कारण कृषि योग्य क्षेत्रफल में निरंतर गिरावट आई है। कृषि प्रधान हमारे राष्ट्र में लगभग सभी राजनीतिक दलों का कृषि के विकास और किसान के कल्याण के प्रति ढुलमुल रवैया ही रहा है, हमारे राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने किसानों को भारत का आत्मा कहे थे, इसके बावजूद भी केवल किसानों की समस्याओं पर ओछी राजनीति होती रही है, उनकी मुख्य समस्याओं पर किसी का ध्यान नहीं गया है। आज हम सभी देख रहे हैं कि देश की राजधानी दिल्ली में जब हमारे अन्नदाता अपने अधिकारों के लिए गांधीवादी तरीके से शांतिपूर्ण प्रदर्शन करते हुए अपने मांगों को रखने का प्रयास कर रहे हैं ,तो उन्हीं के बेटों यानी सेना के द्वारा उन पर पानी की बौछार और लाठियां बरसाई जा रही है। ध्यान से देखिए हमारे भारत में किसानों की हालात दिन प्रतिदिन बदतर होती जा रही है, जिसके कारण ही आए दिन हमारे अन्नदाता आत्महत्या तक करने पर मजबूर हो रहे हैं, हमारे यहां आज भी 60 से 70 प्रतिशत लोग कृषि पर ही निर्भर है । हमारे किसानों के हालात खराब होने का कारण भी राजनेता, समाज और हर  वह व्यक्ति  जो किसानों के रोटी को तो खाता है लेकिन वह सोचता है कि यह तो हम पैसे देकर खरीदे हैं, तो ठीक है आज से आप हम किसानों के अनाज को आप बायकॉट कर दीजिए, और आप अपना पैसा और कंकड़ खाइए !किसानों में आक्रोश को लेकर गांधी ने जो चेतावनी दी थी क्या आज हम उसी का सामना कर रहे हैं?आजाद भारत की सत्ता में किसानों की भागीदारी की वकालत करने वाले महात्मा गांधी ने अपनी मौत से एक दिन पहले तक कहे थे कि भारत का प्रधानमंत्री एक किसान होना चाहिए। आप देख लो साथियों किसी भी देश, समाज, जाति का सबसे उच्चतम और सम्मानीय वर्ग अगर कोई इस धरती पर है तो वह है हमारे किसान, यानी अन्नदाता ही इस धरती पर हम मनुष्यों के भगवान हैं । ऊंचे से ऊंचे पदों पर बैठे पदाधिकारी आज उन्नति और प्रगति की ऊंचाइयां छू रहे हैं ,तो यह तभी संभव है, जब देश के हम सभी लोग तन और मन से पुष्ट है, और यह तभी संभव हुआ है जब हमें पौष्टिक भोजन मिल रहा है। इसीलिए यहां हम कह रहे हैं कि देश का किसान सबसे उच्चतम पद पर होना चाहिए। विडंबना ही है साथियों की  कृषक यानी कि हमारा अन्नदाता वर्ग को समाज में सबसे ज्यादा समृद्ध होना चाहिए वही वर्ग यानी हम किसान ही सबसे ज्यादा अभावों में जीवन जीते हैं, जो सभी का पेट भरता है ,अक्सर वही और उसके बच्चे भूखे सोते हैं, सोच कर देखो इससे ज्यादा विडंबना क्या हो सकती है देश के लिए, किसी भी मनुष्य को  इस धरती पर जीवन जीने के लिए सबसे पहली और आखिरी आवश्यकता अनाज की ही होती है। अनाज के खातिर ही मनुष्य की सबसे पहली दौड़ शुरू होती है,कोई भी मनुष्य दो वक्त की रोटी के लिए मेहनत करना शुरू करता है, लेकिन कुछ लोग इतनी गहराई से नहीं सोचते कि वह अनाज जो वह खाते हैं कहां से और कैसे आता है। हम सभी आज देख रहे हैं कि अन्नदाता जब सड़कों पर आज संघर्ष कर रहे है, तो इसमें भी लोग गंदी राजनीति कर रही हैं, रोटी खा खा कर किसानों को गालियां दे रहे हैं। आखिर इतना नमक हरामी  कैसे कर लेते हो बेशर्म साहब जी लोग, यह सच है कि किसानों के नाम पर कुछ राजनीतिक पार्टियों और राजनेता केवल राजनीति करते हैं उनको किसानों के दर्द से कोई मतलब नहीं है, लेकिन किसानों का हालात क्या है यह आज किसी से छिपा नहीं है।

सोच कर देखो एक किसान तपती दोपहरी में खेतों में काम करता है खेतों की मिट्टी को उपजाऊ बनाने के लिए कठोर परिश्रम दिन रात करता है, एक कृषक का जीवन मेहनत और लगन की अद्भुत मिसाल होती है, एक किसान का जीवन और वस्त्र अपने खेतों की मिट्टी का हमेशा परिचय देती रहती हैं। वहीं दूसरी तरफ बड़े-बड़े पदों पर कार्यरत वातानुकूलित कक्षों में बैठे पदाधिकारी इन्हीं किसानों को और उनके मिट्टी से सने वस्तुओं को देख इनसे दूरी बनाते हैं, सोचने वाला विषय है दोस्तों,इसी मिट्टी से सने हाथों और मिट्टी में उपजे अनाज से ही हम सब की पेट की भूख मिटती है और हम तृप्त होते हैं । साथियों जिस प्रकार से घर में गृहिणी अगर प्रसन्न और स्वस्थ रहती है ,तो घर स्वर्ग बन जाता है, उसी तरह अगर देश के किसानों को सम्मान मिलेगा तो किसान स्वस्थ और संपन्न रहेंगे तो देश भी उन्नति करेगा ,जिससे देश खुशहाल और समृद्ध होगा। 

 

कवि विक्रम क्रांतिकारी ( विक्रम चौरसिया - चिंतक /पत्रकार/ आईएएस मेंटर/ दिल्ली विश्वविद्यालय 9069821319

भारतीय संस्कृति : आधुनिकता एवं प्राचीनता दोनों संग लेकर चलें






सत्य, शिव और सुंदर के विवेचन कठिन हैं तो भी इन्हीं तीनों की त्रयी विवेचन का मूल आधार बनती है। आधुनिकता का आग्रह स्वाभाविक है। लेकिन स्वाभाविक आधुनिकता भी प्राचीनता के गर्भ से ही आती है। हमें जीवन मूल्यों का आयात नहीं करना चाहिए। यों आधुनिकता कोई जीवनमूल्य नहीं है और प्राचीनता भी नहीं। दोनो समय और परिस्थिति का ही बोध कराते हैं। ]

 

गतिशील समाज वर्तमान से संतुष्ट नहीं रहते, और अतीत से विचलित रहते हैं। सभी संस्कृतियों में प्राचीन के साथ संवाद की परंपरा है। सारा पुराना कालवाह्य कूड़ा करकट नहीं होता। वह पूरा का पूरा बदली परिस्थितियों में उपयोगी भी नहीं होता। पुराने के गर्भ से ही नया निकलता है। वास्तविक आधुनिकता विचारणीय है। यहां प्रश्न उठता है कि आधुनिकता के पहले वास्तविक विशेषण की आवश्यकता क्यों है? इसका सीधा उत्तर है कि आधुनिकता स्व्यं में कोई निरपेक्ष आदर्श या व्यवहार नहीं है। इसका सीधा अर्थ ही प्राचीनता का अनुवर्ती है। आधुनिकता प्राचीनता के बाद ही आती है। हरेक आधुनिकता की एक सुनिश्चित प्राचीनता होती है। इसी तरह प्राचीनता की भी और प्राचीनता होती है।

 

आधुनिकता को और आधुनिक कहने के लिए उत्तर आधुनिकता शब्द का चलन बढ़ा है। सच बात तो यही है कि प्राचीनता और आधुनिकता के विभाजन ही कृत्रिम हैं। काल अखण्ड सत्ता है। काल में न कुछ प्राचीन है और न ही आधुनिक। हम मनुष्य ही काल संगति में प्राचीनता या नवीनता के विवेचन करते हैं। प्राचीनता ही अपने अद्यतन विस्तार में नवीनता और आधुनिकता है। हम आधुनिक मनुष्य अपने पूर्वजों का ही विस्तार हैं। वे भी अपनी विषम परिस्थितियों में अपने पूर्वजों से प्राप्त जीवन मूल्यों को झाड़ पोछकर अपने समय की आधुनिकता गढ़ रहे थे। ऐसा कार्य सतत् प्रवाही रहता है।

 

विज्ञान और दर्शन के विकास ने देखने और सोचने की नई दृष्टि दी है। इससे प्राचीनता को नूतन परिधान मिले हैं। ऋग्वेद प्राचीनतम ज्ञान कोष है। हम ऋग्वेद के समाज को प्राचीन कहते हैं। ऐसा उचित भी है लेकिन ऋग्वेद में उसके भी पहले के समाज का वर्णन है। ऋग्वेद जैसा मनोरम दर्शन और काव्य अचानक नहीं उगा। निश्चित ही उसके पहले भी दर्शन और विज्ञान के तमाम सूत्र थे। वैदिक पूर्वजों ने अपने पूर्वजों से प्राप्त परंपरा का विकास किया। ऋग्वेद की कविता वैदिक काल की आधुनिकता का दर्शन-दिग्दर्शन है। यही बात उपनिषद् और महाकाव्य काल पर भी लागू होती है। सांस्कृतिक निरंतरता पर ध्यान देना बहुत जरूरी है।

 

वैदिक काल की निरंतरता का ही विकास हड़प्पा सभ्यता है। इसे स्वतंत्र सभ्यता बताने वाले गल्ती पर हैं। कोई भी सभ्यता या संस्कृति शून्य से नहीं उगती। हड़प्पा की सभ्यता नगरीय सभ्यता है। नगरीय जीवन खाद्यान्न सहित तमाम मूलभूत आवश्यकताओं के लिए ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर निर्भर होते हैं। आधुनिक भारत का समाज प्राचीन भारत के पूर्वजों के सचेत या अचेत परिश्रम का परिणाम है। आधुनिकता में प्राचीनता की चेतना होनी चाहिए लेकिन अंग्रेजी राज के दीर्घकाल में प्राचीनता को अंधविश्वास और पिछड़ापन बताया गया। 

 

भारतीय प्राचीनता और परंपरा से ही आधुनिकता का विस्तार होता तो हम अपने जीवन मूल्यों और संस्कृति के प्रति आग्रही भाव में आधुनिक होते लेकिन ऐसा नहीं हुआ। हमारी आधुनिकता ‘वास्तविक’ नहीं है। यह उधार की है। विदेशी है। यह विदेशी सत्ता के प्रभाव में विकसित हुई है। भारत की स्वाभाविक आधुनिकता के विकास के लिए विवेकानंद, दयानंद, गांधी, डॉ0 हेडगेवार और डॉ0 अम्बेडकर, पं0 दीनदयाल उपाध्याय आदि सामाजिक कार्यकर्ताओं ने तमाम प्रयास किए। लोकमत का परिष्कार और संस्कार भी हुआ। इसके तमाम सकारात्मक लाभ भी हुए। विश्व सम्पर्क से भारत की समझ भी बढ़ी।

 

भारतीय सम्पर्क से विश्व का भी ज्ञानवर्द्धन भी हुआ लेकिन भारत में लोकमत के संस्कार का काम संतोषजनक नहीं है। हम भारत के लोग बहुधा दुनिया के अन्य देशों की जीवनशैली की प्रशंसा करते हैं। यहां विदेशी सभ्यता को अपनी सभ्यता से श्रेष्ठ बताने वाले भी हैं। संप्रति भारतीय आधुनिकता भारतीय नहीं जान पड़ती। यह प्राचीनता का स्वाभाविक विस्तार नहीं है। इस आधुनिकता में विदेशी जीवनमूल्यों का घटिया प्रवाह है। यह भारत के स्वयं को आत्महीन बना रही है। इसलिए मूल परंपरा से संवाद जरूरी है। उसके पक्ष में लोकमत बनाना और भी जरूरी है।

 

आधुनिकता भारतीय प्राचीनता की ही पुत्री है। प्राचीनता मां है और आधुनिकता पुत्री। माता पूज्य है और पुत्री आदरणीय। दोनो स्वतंत्र सत्ता नहीं हैं। आधुनिकता को यथासंभव मां के सद्गुणों का अवलम्बन करना चाहिए और देश काल परिस्थिति के अनुसार स्वयं का पुनर्सृजन व विकास भी करना चाहिए। प्राचीनता पिछड़ापन नहीं है। प्राचीनता का विवेचन जरूरी है। प्राचीनता की गतिशीलता में ही हम आधुनिक होते हैं। गति के साथ अनुकूलन करना और अनुकूलन व अनुसरण में ही प्रगतिशील होते जाना काल का आह्वान है।

 

वर्तमान समाज व्यवस्था व जीवन शैली संतोषजनक नहीं है। इसका मुख्य कारण प्राचीनता से अलगाव है। आयातित आधुनिकता ने हमारी स्वाभाविक संस्थाएं भी तोड़ी हैं। परिवार, प्रीति और आत्मीयता के बंधन टूट रहे हैं। असंतोष विषाद बन रहा है और विषाद अवसाद। इसलिए लोकमत निर्माण में लगे सभी विद्वानों, पत्रकारों, साहित्यकारों, सामाजिक कार्यकर्ता और मूल्यनिष्ठ राजनेताओं को ध्येयनिष्ठ, स्वाभाविक आधुनिकता के सृजन में जुटना चाहिए।

 

-------------------------------------

 

प्रफुल्ल सिंह "बेचैन कलम"

लखनऊ, उत्तर प्रदेश




 

 




Saturday, November 28, 2020

गरीबी कभी भी शिक्षा में बाधक नहीं 

 गरीबी में जीवन जीने वाले व्यक्तियों को ना तो अच्छी शिक्षा की प्राप्ति होती है ना ही उन्हें अच्छी सेहत मिलती है. भारत में गरीबी देखना बहुत आम सा हो गया है क्योंकि ज्यादातर लोग अपने जीवन की मुलभुत आवश्यकताओं को भी पूरा नहीं कर सकते हैं। ]

गरीबी का मुख्य कारण अशिक्षा है और अशिक्षा से अज्ञानता पनपती है. गरीब परिवार के बच्चे उच्च शिक्षा तो छोडिये सामान्य शिक्षा भी ग्रहण नहीं कर पाते हैं. शिक्षा का अधिकार सभी लोगों को है लेकिन गरीबी के कारण ऐसा नहीं हो पाता है. हमारी भारत सरकार गरीब लोगों के लिए कई सारे अभीयान चलाती है लेकिन अशिक्षित होने के कारण गरीबों तक उस अभियान की जानकारी नहीं पहुँच पाती है। 

 

हम जिस युग में जी रहे हैं उसमे आधुनिक तकनीकी हमारे जीवन का एक महत्वपूर्ण हिस्सा बन गया है जिसे सिखने या इस्तेमाल करने के लिए शिक्षा की अहमियत होती है. शिक्षा हम सभी के उज्जवल भविष्य के लिए एक बहुत ही आवश्यक साधन है. हम अपने जीवन में शिक्षा के इस साधन का उपयोग करके कुछ भी अच्छा प्राप्त कर सकते हैं. ये तो हम हमेसा से सुनते आये हैं की शिक्षा पर दुनिया के हर एक बच्चे का अधिकार है. देश के विकास के लिए प्रत्येक बच्चे का शिक्षित होना बेहद जरुरी है।

 

हमारे देश की हालत को सुधारने का एक मात्र रास्ता है शिक्षा. गरीबी एक ऐसी समस्या है जो हमारे पुरे जीवन को प्रभावित करने का कार्य करती है. गरीबी एक सामाजिक समस्या है जो इंसान को हर तरीके से परेशान करती है. इसके कारण एक व्यक्ति का अच्छा जीवन, शारीरिक स्वास्थ्य, शिक्षा स्तर आदि जैसी सारी चीजें ख़राब हो जाती है. आज के समय में गरीबी को दुनिया के सबसे बड़ी समस्याओं में से एक माना जाता है।

 

गरीब लोगों में जागरूकता और जानकारी का अभाव तथा उनका गैर प्रगतिशील नज़रिया एक ऐसा मुलभुत कारण है जिसे गरीबी के लिए जिम्मेदार माना जाता है. जानकारी तथा जागरूकता की कमी के कारण गरीब लोग सरकारी कार्यक्रमों का लाभ उठाने में असमर्थ रहते हैं. इसलिए प्राथमिक शिक्षा भी गरीबों के लिए बहुत ही जरुरी होता है।

 

बेहतर शिक्षा सभी के लिए जीवन में आगे बढ़ने और सफलता प्राप्त करने के लिए बहुत आवश्यक है. यह हममें आत्मविश्वास विकसित करने के साथ ही हमारे व्यक्तित्व निर्माण में भी सहायता करती है. आधुनिक युग में शिक्षा का महत्व क्या है ये गरीब परिवार और पिछड़ी जाती के लोगों को बताना अति आवश्यक है तभी वो अपने बच्चों को शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करेंगे।

 

शिक्षा प्रणाली को बढ़ावा देने के लिए बहुत सी सरकारी योजनाएं चलायी जा रही है ताकि सभी की शिक्षा तक पहुँच संभव हो. ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को शिक्षा के महत्व और लाभों को दिखाने के लिए टीवी और अखबारों में बहुत से विज्ञापनों को दिखाया जाता है क्योंकि पिछड़े ग्रामीण क्षेत्रों में लोग गरीबी और शिक्षा की ओर अधूरी जानकारी के कारण पढाई करना नहीं चाहते हैं।

 

सर्व शिक्षा अभियान का उद्देश्य सभी को शिक्षित करके उन्हें अपने पैर पर खड़ा करना है जिससे समाज का कल्याण हो सके. इसके अलावा बालक बालिका का अंतर समाप्त करना, देश के हर गांव शहर में प्राथमिक स्कूल खोलना और मुफ्त शिक्षा प्रदान करना, निशुल्क पाठ्य पुस्तकें, स्कूल ड्रेस देना, शिक्षकों का चयन करना, उन्हें लगातार प्रशिक्षण देते रहना, स्कूलों में अतिरिक्त कक्षा का निर्माण करना आदि सर्व शिक्षा अभियान के उद्देश्य में शामिल हैं। बालिका छात्रों तथा कमजोरवर्गों के बच्चों पर विशेष ध्यान दिया गया है. डिजिटल दुनिया के साथ कदम से कदम मिलाने के लिए सर्व शिक्षा अभियान के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में कम्प्यूटर शिक्षा भी प्रदान की जाएगी।

 

स्कूली शिक्षा बिना अमीरी गरीबी का भेदभाव किये सभी बच्चों को मिलनी चाहिए क्योंको ये सभी के जीवन में एक महान भूमिका निभाती है. शिक्षा को प्राथमिक शिक्षा, माध्यमिक शिक्षा और उच्चतर माध्यमिक शिक्षा जैसे तिन प्रभागों में विभाजित किया गया है. शिक्षा के सभी भागों का अपना महत्व और लाभ है. प्राथमिक शिक्षा आधार तैयार करती है जो जीवन भर मदद करती है।

 

माध्यमिक शिक्षा आगे के अध्ययन के लिए रास्ता तैयार करती है और उच्चतर माध्यमिक शिक्षा भविष्य और पुरे जीवन का अंतिम रास्ता तैयार करती है. उचित शिक्षा भविष्य में आगे बढ़ने के बहुत सारे रास्ते बनाती है. यह हमारे ज्ञान स्तर, तकनिकी कौशल और नौकरी में अच्छी स्थिति को बढाकर हमें मानसिक, सामाजिक और बौद्धिक रूप से मजबूत बनाता है। पहले भारत की शिक्षा प्रणाली बहुत सख्त थी और सभी वर्गों के लोग अपनी इच्छा के अनुसार शिक्षा प्राप्त करने में सक्षम नहीं थे. ज्यादा पैसे लगने की वजह से विश्वविद्यालयों में प्रवेश लेना बहुत कठिन था. लेकिन अब शिक्षा प्रणाली में बदलाव किये गए हैं जिससे शिक्षा में आगे बढ़ना सरल और आसान हो गया है।

 

शिक्षा के कारण ही कई तरह के आविष्कार हुए हैं. इन अविष्कारों से मनुष्य का जीवन और भी आसान हो गया है. अच्छी शिक्षा की वजह से अच्छे अच्छे इंजीनियर, डाॅक्टर, वैज्ञानिक एवं व्यवसायी आदि बनते हैं, जो समाज को काफी कुछ देते हैं जिनसे अनगिनत लोगों को कई फायदे मिलते हैं। शिक्षा के वजह से ही व्यापार का विकास होता है और देश की आय में बढ़ोतरी होती है. अच्छी शिक्षा जीवन में बहुत से उद्देश्यों को प्रदान करती है जैसे व्यक्तिगत उन्नति को बढ़ावा, सामाजिक स्तर में बढ़ावा, सामाजिक स्वस्थ में सुधार, आर्थिक प्रगति, राष्ट्र की सफलता, जीवन में लक्ष्यों को निर्धारित करना, हमें सामाजिक मुद्दों के बारे में जागरूक करना और पर्यावरण समस्याओं को सुलझाने के लिए हल प्रदान करना जैसे कई सारे मुद्दों के बारे में सोचने समझने की काबिलियत प्रदान करता है।

 

समाज में भ्रष्टाचार, अशिक्षा तथा भेदभाव जैसे ऐसी समस्याएं हैं जो आज के समय में विश्व भर को प्रभावित कर रही है. इसे देखते हुए हमें इन कारणों की पहचान करनी होगी और इनसे निपटने की रणनीति बनाते हुए समाज के विकास को सुनिश्चित करना होगा क्योंकि गरीबी का सफाया समग्र विकास के द्वारा ही संभव है।