Monday, November 18, 2019

भारतीय नारी और दहेज

दहेज प्रथा का जब से भारतीय समाज में प्रचलन हुआ है, वह तभी से भारतीय नारी के साथ अनिवार्य रूप से जुड़ा हुआ है। प्राचीनकाल में विवाह के अवसर पर कन्या के माता पिता वर-पक्ष को दहेज के रूप में गहने, कपड़े और दैनिक उपयोग की अनेक वस्तुएँ देते थे। कन्या की सखी - सहेलियाँ तथा परिवार के संबंधियों की ओर से भेंट स्वरूप दी जाने वाली वस्तुएँ भी दहेज में दिए जाने का प्रचलन था।
प्राचीनकाल में दहेज के लिए कोई जोर-जबरदस्ती नहीं थी। परंतु समय में परिवर्तन हुआ, उसी के अनुरूप दहेज के विवाह की अनिवार्य शर्त बन गया। गुणवती कन्याएँ भी दहेज की माँग पूरी न होने के कारण अविवाहित रहने लगीं। कन्याओं को परिवार पर बोझ समझा जाने लगा। इतना ही नहीं, कन्या उत्पन्न होने पर परिवार में उदासी छाने लगी। यहाँ तक कि देश के कई क्षेत्रों में कन्यावध का प्रचलन हो गया। अब तो दहेज की विभीषिका से बचने के लिए गर्भ में ही यह पता कर लिया जाने लगा कि उत्पन्न होने वाली संतान लड़का है या लड़की। लड़की होने की संभावना व्यक्त होने पर गर्भपात करा दिया जाता है। इस प्रकार 'भ्रूण हत्या' की जाने लगी।
प्राचीनकाल में माता-पिता का प्रेम और प्रसन्नता का प्रतीक दहेज प्रथा आधुनिक काल तक आते-आते माता-पिता के साथ-साथ भारतीय नारी के लिए भी अभिशाप बन गया। नारी का मूल्यांकन दहेज पर किया जाने लगा। दहेज कम लाने के कारण पतिगृह में नारी को अनेक अपमानजनक स्थितियों से दो-चार होना पड़ रहा है। उन्हें अनेक प्रकार की शारीरिक, मानसिक यातनाएँ दी जाने लगी हैं। इससे भारतीय नारी का जीवन नरक से भी गया - गुजरा हो गया है।
प्रायः प्रतिदिन समाचार पत्रों में दहेज के कारण किसी - न किसी महिला के जलने मरने का समाचार मिलता है।
आज समाज में नारी की श्रेष्ठता और गुणों की अपेक्षा उसके माता-पिता के धन से आंकी जाने लगी है। एक ओर तो भारतीय नारी शारीरिक रूप से वैसे ही निर्बल होती हैं, दूसरे भारतीय समाज में पति को परमेश्वर माना जाता है। यही कारण है कि पति उसे जैसे चाहे प्रताड़ित कर लेता है। भारतीय नारी बिना विरोध किए सब कुछ सहन करती जाती है।
भारतीय नारी की तथा समाज की दहेज जैसी नारी - विरोधी तथा समाज को कलंकित करने वाली कुप्रथा को जन आंदोलन चलाकर, उसके विकृत रूप को सभी के सामने प्रकट करना चाहिए। नारियों को चाहिए कि दहेज लोलुपों से विवाह करने से इन्कार करे। लड़कों की माता भी भारतीय नारी ही हैं। अतः उन्हें चाहिए कि अपने पुत्र के विवाह एक दहेज लेने और पुत्री के विवाह पर दहेज देने का तीव्र विरोध करें। दहेज से छुटकारा पाने के लिए भारतीय नारी को तथा सामाजिक मर्यादा के खोल से बाहर निकले। हमें यह आशा करनी होगी कि राजा राम - मोहन राय , ईश्वर चंद्र विद्या सागर जैसे समाज सुधारक आएँगे और दहेज प्रथा की समाप्ति में योग देंगे। हमें स्वयं आगे आना होगा। इस सामाजिक कोढ़ को समाप्त करने की शुरुआत स्वयं करनी होगी। 


No comments:

Post a Comment